Giridih: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने +2 हाई स्कूल, पचंबा हाई स्कूल एवं सर जेसी बोस स्कूल समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की.
निष्पक्ष परीक्षा पर जोर
उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए.
अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से भी संवाद किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास एवं ईमानदारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि NEET-UG जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का निष्पक्ष संचालन जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. इसी को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई परीक्षा
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच निर्धारित समय पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप की गई तथा सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराया गया. जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आमजनों से परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.


