Click Here
Click Here
Click Here

गंदगी और अव्यवस्था पर भड़के उपायुक्त, नाजीर का वेतन रोका, 24 घंटे में सुधार का अल्टीमेटम

Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो द्वारा शनिवार को पालकोट प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, CHC, का औचक निरीक्षण किया...

Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो द्वारा शनिवार को पालकोट प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, CHC, का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था और साफ सफाई की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई.

गंदगी पर सख्त चेतावनी

प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विभिन्न कक्षों, शौचालयों और कार्यालय परिसर में फैली गंदगी पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए बीडीओ को स्पष्ट चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर संपूर्ण परिसर की साफ सफाई सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालय का प्रत्येक कक्ष, चैम्बर और वॉशरूम स्वच्छ और व्यवस्थित रहना चाहिए तथा सभी कर्मी इसकी जवाबदेही सुनिश्चित करें.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

कार्यालय व्यवस्था सुधारने के निर्देश

उपायुक्त ने पूरे प्रखंड कार्यालय का विस्तृत भ्रमण करते हुए प्रत्येक चैम्बर का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि सभी कर्मियों और पदाधिकारियों के लिए बैठने की समुचित और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

उपस्थिति जांच और कार्रवाई

निरीक्षण के क्रम में उपस्थिति पंजी, रोकड़ पंजी और वेतन पंजी की जांच की गई. एक कर्मी, नाजीर, के बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया. साथ ही लंबित मामलों पर गंभीरता नहीं बरतने पर नाराजगी जताते हुए म्यूटेशन, जाति, आय और आवासीय प्रमाणपत्रों के लंबित आवेदनों को शून्य करने का सख्त निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया.

Also Read: हजारीबाग हत्याकांड का पर्दाफाश : पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, लूट का नाटक रचकर रची थी खौफनाक साजिश

योजनाओं की समीक्षा

उपायुक्त ने आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए पूर्ण हो चुके आवासों का जियो टैगिंग तत्काल कराने और सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा के दौरान एलएस और सीडीपीओ को फील्ड विजिट बढ़ाने, सेविकाओं की मॉनिटरिंग करने तथा पोषण वाटिका को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु प्राप्त वेट मशीन और पंखों के शीघ्र वितरण का आदेश दिया गया.

अस्पताल में व्यवस्थाओं पर सवाल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, CHC, के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन तैयार होने के बावजूद डॉक्टरों की भारी कमी है और मात्र तीन चिकित्सकों के भरोसे व्यवस्था संचालित हो रही है. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप ओपीडी सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए, ताकि स्थानीय मरीजों को अनावश्यक रूप से जिला अस्पताल रेफर न करना पड़े.

बिजली और एम्बुलेंस पर नाराजगी

अस्पताल में बिजली व्यवस्था दो दिनों से बाधित रहने और 108 एम्बुलेंस के खराब रहने पर गहरी नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान एक जले हुए मरीज से मुलाकात कर उसके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

सख्त संदेश

उपायुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही, गंदगी और जनसेवा में उदासीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. तय समयसीमा में सुधार नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों की मौजूदगी

इस दौरान मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी, पालकोट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकगण तथा अन्य प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *