EVM सुरक्षा पर DC की पैनी नजर, वेयरहाउस निरीक्षण कर दिए निर्देश

Giridih: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय, गिरिडीह स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक...

Giridih: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय, गिरिडीह स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों, निगरानी व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

सुरक्षा व्यवस्था और CCTV निगरानी की समीक्षा

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सबसे पहले वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता तथा निगरानी प्रणाली का अवलोकन किया. साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी कैमरों एवं निगरानी उपकरणों को हर समय सक्रिय एवं सुचारु स्थिति में रखने का निर्देश दिया.

वेयरहाउस परिसर का विस्तृत निरीक्षण

उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर का भ्रमण करते हुए बैलेट यूनिट (बीयू) हॉल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनरेटर रूम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की जांच की. इसके अलावा उन्होंने कमरों की सीलिंग व्यवस्था तथा सुरक्षा में तैनात जवानों के लॉग बुक का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं.

Also Read: झारखंड के 37 शिक्षण संस्थानों में होगी कपड़ों से लेकर जूते तक की डिलीवरी, रेमंड्स और बांबे डाइंड जैसे ब्रांड के होंगे यूनिफॉर्म

सुरक्षा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: DC

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सुरक्षा में तैनात सशस्त्र बलों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सतर्क और सजग रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से निगरानी एवं समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए.

पारदर्शी और विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करना होगा.

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे कई लोग 

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *