प्रसूता रीना देवी मौत मामला: भाजपा नेताओं ने परिजनों से की मुलाकात, दोषियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग

Jamtara: सदर अस्पताल में गुरुवार को संस्थागत प्रसव के दौरान रीना देवी की मौत के मामले में भाजपा की दो सदस्यीय टीम...

रीना देवी के परिजनों से मुलाकात करते पूर्व मंत्री अमर बाउरी और पूर्व सांसद सुनील सोरेन
रीना देवी के परिजनों से मुलाकात करते BJP नेता

Jamtara: सदर अस्पताल में गुरुवार को संस्थागत प्रसव के दौरान रीना देवी की मौत के मामले में भाजपा की दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को जामताड़ा पहुंची. पूर्व मंत्री अमर बाउरी और पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरी प्रदेश भाजपा उनके साथ है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. अमर बाउरी ने कहा कि रीना देवी अपने पैरों पर चलकर सदर अस्पताल गई थीं, लेकिन अस्पताल में बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों द्वारा साजिश के तहत तोड़फोड़ का आडंबर रचा गया और कांग्रेस प्रवक्ता इर्शादुल हक आरसी तथा मंत्री सचिव अजहर अंसारी ने सदर अस्पताल में मौजूद रहकर लोगों को तोड़फोड़ के लिए उकसाया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग कर भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेता प्राथमिकी दर्ज होने से डरने वाले नहीं हैं.

पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

अमर बाउरी ने कहा कि पूरे राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है. उन्होंने घटना में संलिप्त स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि जिस समय पूरा देश भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल था, उसी समय कन्हैया रवानी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. उन्होंने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराया. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस मामले में जो भी डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी जिम्मेदार हैं, उनके विरुद्ध मामला दर्ज होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जच्चा और बच्चा दोनों की जान गई है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए. सुनील सोरेन ने कहा कि जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में अस्पताल की ऐसी स्थिति है, तो पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से इस्तीफे की मांग भी की.

ALSO READ: बालूमाथ: दो होनहारों ने NEET-UG 2026 में लहराया सफलता का परचम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *