Chaibasa: भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पाण्डेय ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मिनी मार्केट से विस्थापित हुए दुकानदारों के पुनर्वास की मांग की है. उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा अमृत भारत योजना के तहत मिनी मार्केट की करीब 50 से 60 दुकानों को हटाया गया था, जिससे कई परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है. पवन शंकर पाण्डेय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जिन दुकानों को हटाया गया था, उस स्थान पर अब तक कोई निर्माण कार्य या विकास परियोजना शुरू नहीं हुई है. वर्तमान में वह क्षेत्र खाली पड़ा हुआ है, जहां अस्वच्छ गतिविधियां होने लगी हैं और आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है.

दुकानदारों को फिर से बसाने की मांग
उन्होंने रेल मंत्रालय से मांग की है कि स्टेशन के समीप खाली पड़े स्थान पर पहले से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को पुनः बसाया जाए या उन्हें छोटे-छोटे स्टॉल आवंटित किए जाएं. उनका कहना है कि इससे प्रभावित लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा और यात्रियों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
रेलवे अधिकारियों को भी भेजी प्रतिलिपि
पाण्डेय ने अपने पत्र की प्रतिलिपि दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, कोलकाता और मंडल रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर को भी भेजी है. उन्होंने मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है. स्थानीय लोगों का मानना है कि विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास से न केवल कई परिवारों की आजीविका बहाल होगी, बल्कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
ALSO READ:जहर देकर 18 मुर्गियां मारने का आरोप, परिवार को मिल रही जान से मारने की धमकी
