उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने किया भंडरा प्रखंड में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण, बेहतर कार्यान्वयन का दिया निर्देश

Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज गुरुवार को भंडरा प्रखंड में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जनवितरण प्रणाली दुकान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,...

DC Sandeep Kumar
उपायुक्त संदीप कुमार मीना

Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज गुरुवार को भंडरा प्रखंड में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जनवितरण प्रणाली दुकान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालाब जीर्णोद्धार, नंदिनी डैम में मत्स्यपालन आदि का निरीक्षण किया व आवश्यक निर्देश संबंधित विभागों को दिए.

मध्याह्न भोजन और पढ़ाई की गुणवत्ता बनाए रखने का दिया निर्देश

भंडरा प्रखंड के टेंगरा टोली में उपायुक्त ने राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया. इसमें उन्होंने मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन, रसोईघर की साफ-सफाई, नामांकित बच्चों की संख्या, बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया. अंचल अधिकारी को विद्यालय की भूमि के सीमांकन का निर्देश दिया.

आंगनबाड़ी में छोटे बच्चों को शिक्षा व खिलौने उपलब्ध कराने का निर्देश

उपायुक्त ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत बच्चों व उपस्थिति का अवलोकन किया और बच्चों के लिए केंद्र में उपलब्ध शारीरिक उंचाई व वजन मापक यंत्र, बच्चों के मिलने वाले भोजन व मेनू के अनुसार मिलने वाले भोजन, आंगनबाड़ी केंद्र में धात्रि माताओं, लाभुकों के घर का नियमित विजिट, पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की संख्या, अतिकुपोषित बच्चों की पहचान आदि की जानकारी प्राप्त की. 3 से 6 वर्ष के बच्चों को नियमित रूप से मूलभूत शिक्षा दिये जाने का निर्देश सेविका को दिया गया. नियमित रूप से बच्चों की वजन व लंबाई की माप लिये जाने, आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौने उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

निर्धारित मात्रा से कटौती नहीं हो अनाज

उपायुक्त ने सेंगरटोली स्थित गंगा महिला मंडल जनवितरण प्रणाली दुकान का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने पीला कार्ड, गुलाबी कार्ड, हरा कार्ड व सफेद कार्ड के लाभुकों की जानकारी प्राप्त की और स्टॉक पंजी की जांच की. जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों/मार्केटिंग अफसरों को आपूर्ति विभाग से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिये जाने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं की सतत निगरानी को सुलभ बनाया जा सके. उपायुक्त ने जनवितरण प्रणाली दुकान द्वारा खाद्यान्न का किये गये उठाव व वितरण की जानकारी प्राप्त की. महिला मंडल को निर्देश दिया गया, कि किसी भी स्थिति में लाभुकों के लिए निर्धारित खाद्यान्न की मात्रा में कटौती न की जाए. उपायुक्त ने धोती/लुंगी व साड़ी वितरण योजना में वितरण की स्थिति की भी जांच की.

आयुष्मान भारत में फंड जेनरेट करें

उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा का निरीक्षण किया और आयुष्मान भारत योजना से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए फंड जेनरेट करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि आयुष्मान भारत में प्राप्त होने वाली राशि के उपयोग के लिए बेहतर कार्य योजना बनाएं, जो मरीज सीएचसी में भर्ती हो रहे हैं और वे राशन कार्ड से आच्छादित हैं तो उनका आयुष्मान कार्ड जेरनेट किया जाए, ताकि मरीज आयुष्मान कार्ड से इलाज का लाभ ले सके.

उपायुक्त ने एमटीसी केंद्र का निरीक्षण किया और मैट को बदलने का निर्देश दिया. साथ ही, बच्चों के लिए खिलौने उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया. उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में एमटीसी किचेन की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, एमटीसी केंद्र के शौचालय की मरम्मति, ऑपरेशन थिएटर में मरीजों को मिलनेवाली सुविधाएं बेहतर करने, दवा स्टोर में दवा की आगत और निर्गत संबंधित पंजी का संधारण सुनिश्चित करने, बाल क्रीड़ा केंद्र की साफ-सफाई करने, सैम बच्चों की नियमित पहचान व भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सीएचसी में टीकाकरण केंद्र, दंत चिकित्सा वार्ड, युवा मैत्री केंद्र, नन कम्युनिकेबल डिजिज वार्ड, प्रसव कक्ष, नवजात शिशु स्टेबलाईजेशन यूनिट, कंगारू मदर केयर, मातृत्व कक्ष, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, लैब में होनेवाली जांच की सुविधाएं, हीट स्ट्रोक वार्ड, महिला व पुरूष वार्ड आदि का निरीक्षण किया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं में वृद्धि हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये. स्वास्थ्य केंद्र के बेहतर रख-रखाव हेतु आवश्यक निर्देश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिये गये.

मानसून से पूर्व तालाब जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण करने का निर्देश

उपायुक्त ने भंडरा प्रखंड के कसपुर ग्राम में एक निजी तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया और जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी को कार्य मानसून से पूर्व पूरा कराने का निर्देश दिया. साथ ही मत्स्य पालन एवं सिंचाई के कार्य के लिए लाभुक को प्रेरित किया. पानी पंचायत को एक्टिव करने का निर्देश दिया गया.

केज की संख्या बढ़ाएं, नंदिनी डैम में पर्यटन की भरपूर संभावनाएं

उपायुक्त ने भंडरा प्रखंड में अवस्थित नंदिनी डैम का निरीक्षण किया और मत्स्यपालन योजना का निरीक्षण किया. जिला मत्स्य पदाधिकारी को डैम में केज की संख्या बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. उपायुक्त द्वारा मत्स्यजीवी सहयोग समितियों द्वारा मत्स्यपालन का कार्य, उत्पादन, उत्पादन से होने वाली आय की जानकारी प्राप्त की. साथ ही जिला खेल पदाधिकारी को डैम में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा दिए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने जिला के वरीय पदाधिकारियों संग नौका विहार का आनंद भी लिया.

निरीक्षण के दौरान ये रहे शामिल

आज के निरीक्षण में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, परियोजना निदेशक आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मोहितोष पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी, अंचल अधिकारी दुर्गा कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में प्रशासन का सख्त एक्शन,ओल्ड टोल गेट पर चला सघन वाहन जांच अभियान, 68 वाहनों से ₹82,400 जुर्माना वसूला

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *