Lohardaga : जिला में आयोजित होने वाला देवनद दामोदर महोत्सव और गंगा दशहरा को लेकर जिलावासियों में उत्साह है. आयोजन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल चूल्हापानी में होगा. जहां मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे. कार्यक्रम का आयोजन 25 मई को किया जायेगा. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सरयू राय उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है. आयोजन समिति के सदस्यों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना का भी बड़ा मंच है.

नदी राज्य की पहचान
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दामोदर बचाओ आंदोलन के जिला संयोजक एवं युगांतर भारती के जिला प्रमुख बाल कृष्णा सिंह ने बताया कि दामोदर नदी झारखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है. लोहरदगा जिले का चूल्हापानी क्षेत्र दामोदर नदी का उद्गम स्थल माना जाता है. जिसके कारण यहां हर वर्ष गंगा दशहरा के अवसर पर विशेष आयोजन किया जाता है. इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को नदी संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जल स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूक करना है. हर वर्ष गंगा दशहरा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं. चूल्हापानी स्थित पवित्र स्थल एवं लोहड़ी बाबा मंदिर में श्रद्धालु दर्शन कर सुख समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं.
राज्य भर से शामिल होंगे लोग
आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष रांची, लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी रहेगी. राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ यातायात और अन्य सुविधाओं की विशेष तैयारी की जा रही है.
