Palamu : पलामू प्रमंडल में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को पलामू दौरे पर पहुंचीं. डीजीपी अपने महत्वपूर्ण दौरे के दौरान डीजीपी पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों (पलामू, गढ़वा और लातेहार) की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिया कामकाज की समीक्षा करेंगी. समीक्षा बैठक में मौजूद है आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह, आईजी सीआईडी अजय लिंडा, पलामू डीआईजी किशोर कौशल, गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर, लातेहार एसपी कुमार गौरव और पलामू एसपी कपिल चौधरी उपस्थित है. इस उच्च स्तरीय बैठक को लेकर प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है.

इन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित रहेगी समीक्षा बैठक:
– कानून-व्यवस्था की स्थिति: तीनों जिलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा.
– अपराध नियंत्रण और रणनीति: क्षेत्र में संगठित अपराध, उग्रवादी गतिविधियों और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कड़े कदम उठाने पर रणनीति बनेगी.
– लंबित मामलों का निपटारा: विभिन्न थानों में लंबे समय से लंबित पड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और उनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए जाएंगे.
– जमीनी हकीकत का फीडबैक: डीजीपी सीधे ग्राउंड जीरो पर तैनात पुलिस अधिकारियों से संवाद करेंगी ताकि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और चुनौतियों को समझा जा सके.
जनता के अनुकूल पुलिसिंग पर रहेगा विशेष जोर:
पुलिस का मुख्य उद्देश्य न केवल अपराध पर लगाम लगाना है, बल्कि आम जनता के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना भी है. सूत्रों के अनुसार, डीजीपी तदाशा मिश्रा इस बैठक में पुलिस अधिकारियों को पीपुल फ्रेंडली पुलिसिंग अपनाने का कड़ा निर्देश देंगी. इसके तहत थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करने, उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और पुलिस व आम जनता के बीच समन्वय को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
