धनबाद: कोयलांचल की राजधानी धनबाद एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठी है. बुधवार की रात अपराधियों ने 8 लेन मार्ग स्थित शक्ति चौक के पास जाने-माने कोयला कारोबारी मनीष सिंह पर जानलेवा हमला किया. जानकारी के अनुसार, मनीष सिंह अपनी कार से जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी शक्ति चौक के समीप पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने अचानक उनकी गाड़ी को निशाना बनाना शुरू कर दिया. अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीधे मनीष सिंह की छाती में जा लगी.गोली लगने के बाद लहूलुहान मनीष सिंह को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत अशर्फी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गोली सीने के संवेदनशील हिस्से में फंसी होने के कारण स्थिति अनियंत्रित होने लगी। प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिशन अस्पताल, दुर्गापुर रेफर कर दिया है. फिलहाल उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है.
जांच में जुटी पुलिस:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके. प्रारंभिक कयासों के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश या कोयला कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है.
