Dhanbad: धनबाद पुलिस ने लंबित केस के निष्पादन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. जिले के विभिन्न थानों में दशकों से लंबित पड़े कुल 1,250 मुकदमों का अनुसंधान पूर्ण होने के बावजूद तकनीकी व प्रशासनिक कारणों से न्यायालय में चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन दाखिल नहीं हो पाया था. अरसे से लंबित मामलों की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाकर केवल मई माह के भीतर इन सभी 1,250 मामलों की रिपोर्ट कोर्ट में जमा की गई है.
SSP प्रभात कुमार के निर्देश पर चला अभियान
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था जिसमें अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी और सब इंस्पेक्टर रजनीकांत को शामिल किया गया है. इस पूरे अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय 2) नाजिर अख्तर कर रहे हैं. विशेष टीम ने थानों में धूल फांक रही फाइलों की गहन जांच की और दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी के संकलन तथा अभिलेखों की कमी जैसी प्रक्रियागत बाधाओं को दूर कर रिकॉर्ड समय में कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

Also Read: पलामू में युवक का फंदे से लटका मिला शव, बारात से लौटे परिजनों में मचा कोहराम
तीन दशक पुराने मामलों में भी रिपोर्ट दाखिल
इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसमें पुटकी थाना कांड संख्या 06/1998 और झरिया थाना कांड संख्या 86/1999 जैसे लगभग तीन दशक पुराने अत्यंत गंभीर मामले भी कोर्ट में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन रिपोर्ट दाखिल की गई.लगभग तीन दशकों से केस में चार्जशीट दाखिल नहीं होने से इन मामलों में ट्रायल शुरू नहीं हो पा रहा था. एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि समय पर चार्जशीट दाखिल होना न्याय प्रणाली का बेहद महत्वपूर्ण चरण है. इस कार्रवाई से अब न्यायालयों में वर्षों से लंबित मुकदमों की सुनवाई और ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी, जिससे दोषियों को सजा दिलाना सुनिश्चित होगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि लंबित मामलों को कम किया जा सके.
