Dhanbad: मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत गोपीनाथडीह बाउरी टोला (शनि मंदिर के समीप) में सोमवार की देर रात घरेलू कलह ने खूनी रूप ले लिया. शराब के आदी 35 वर्षीय बिशु बाउरी की उसकी ही पत्नी पूनम बाउरी (30) ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
खपड़ैल मकान में जमीन पर पड़ा था शव, पास ही गुमसुम बैठी थी पत्नी
मंगलवार की सुबह जब परिजन बिशु के घर पहुंचे, तो उन्होंने खपड़ैल मकान के अंदर जमीन पर बिशु का शव पड़ा हुआ देखा शव के पास ही आरोपी पत्नी पूनम देवी गुमसुम बैठी थी, जबकि उनका मासूम बेटा भी वहीं मौजूद था. दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.
पुलिस बल पहुंचा मौके पर, परिजनों का जमकर हंगामा
सूचना मिलते ही मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी, पुटकी थाना पुलिस और भागाबांध ओपी प्रभारी शैलेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी पत्नी पूनम बाउरी की गिरफ्तारी और उसे फांसी की सजा देने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. काफी मशक्कत और परिजनों को समझाने-बुझाने के बाद पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर सकी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल धनबाद भेज दिया गया.
10 साल पहले हुई थी लव मैरिज, शराब बनी बर्बादी का कारण
स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि बिशु और पूनम ने करीब 10 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था. दोनों इसी मोहल्ले के रहने वाले थे।दंपति के दो छोटे पुत्र हैं। बिशु दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के अनुसार बिशु को शराब पीने की गंभीर लत थी। वह अक्सर मजदूरी के पैसे शराब में उड़ा देता था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच आए दिन तीखी बहस और मारपीट होती रहती थी. सोमवार की रात भी बिशु अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और पत्नी ने आपा खोकर बिशु पर जानलेवा हमला कर दिया.
ALSO READ : Palamu: जपला स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरी
