NewsWave Desk : गर्मी और अधिक नमी ,डायबिटीज़ (मधुमेह) के मरीजों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार, टाइप 1 और टाइप 2 डायबिटीज़ वाले लोग आम लोगों की तुलना में हीट स्ट्रेस और उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं. जब तापमान और नमी दोनों बढ़ते हैं, तो शरीर को ठंडा रखना मुश्किल हो जाता है, जिससे ब्लड शुगर नियंत्रित करना भी कठिन हो जाता है. डायबिटीज़ से रक्त वाहिकाओं और नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे पसीना लाने वाली ग्रंथियां भी प्रभावित होती हैं और शरीर सामान्य तापमान बनाए नहीं रख पाता। गर्मी में इंसुलिन की आवश्यकता और उसका असर भी बदल सकता है, जिससे ब्लड शुगर कभी ज्यादा तो कभी कम हो सकता है. डायबिटीज़ मरीजों में डिहाइड्रेशन की समस्या जल्दी होती है, जिसके लक्षण हैं—थकान, पेशाब में कमी, प्यास बढ़ना, चक्कर आना, सिरदर्द और सूखा मुंह.
गर्मी में डायबिटीज़ मैनेजमेंट के लिए महत्वपूर्ण टिप्स:
– भरपूर पानी पिएं: गर्मी और हाई ब्लड शुगर दोनों मिलकर शरीर में पानी की कमी ला सकते हैं. कैफीन और शुगर वाली ड्रिंक से बचें, ये शरीर को हाइड्रेट नहीं करतीं.
– मौसम के अनुसार कपड़े पहनें: हल्के और ढीले कपड़े पहनें, जिससे पसीना ठीक से निकल सके.
– शराब से बचें: शराब डाइयूरेटिक है, जिससे पेशाब ज्यादा आता है और पानी की कमी हो सकती है.
– ब्लड शुगर की निगरानी करें: गर्मी में ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बदल सकता है, इसलिए नियमित जांच जरूरी है.
– सनबर्न से बचाव करें: सनस्क्रीन लगाएं, टोपी या छाता लें. सनबर्न से ब्लड शुगर बढ़ सकता है.
– छांव का इस्तेमाल करें: सीधी धूप से बचकर छांव में रहें.
– इंडोर व्यायाम करें: घर के अंदर या सुबह-सुबह व्यायाम करें, जब तापमान कम हो.
– दवाइयों की जानकारी रखें: दवाइयों के लेबल पढ़ें, कहीं गर्मी से संबंधित कोई चेतावनी तो नहीं.
– डिवाइस की सुरक्षा करें: अपने डायबिटीज़ प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों जैसे इंसुलिन पंप, ब्लड ग्लूकोज मीटर, CGM (Continuous Glucose Monitor) आदि को गर्मी, पसीने और धूप से सुरक्षित रखना। गर्मी या पसीने के कारण इन उपकरणों के चिपकने (adhesive) में दिक्कत आ सकती है.
– यात्रा करते समय इंसुलिन को सुरक्षित तापमान पर रखें.
गर्मी और नमी के मौसम में डायबिटीज़ के मरीजों के लिए सतर्कता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. सही देखभाल से आप गर्मियों में भी स्वस्थ रह सकते हैं.
