जिला प्रशासन व ओएनजीसी के सहयोग से 10 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण

Bokaro: समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन एवं ओएनजीसी के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के तहत 10 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित...

Bokaro: समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन एवं ओएनजीसी के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के तहत 10 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करना नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है. उन्होंने कहा कि जो लोग कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, यदि उनके चेहरे पर थोड़ी देर के लिए भी मुस्कान लाई जा सके तो यह प्रशासन की बड़ी सफलता होगी. उन्होंने इसे सामाजिक जिम्मेदारी एवं समाज को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया.

अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग जनसेवा में हो : डीसी

उपायुक्त ने कहा कि जिन लोगों के पास अपनी आवश्यकताओं से अधिक संसाधन उपलब्ध हैं, उन्हें अपनी जरूरतों को सीमित एवं नियंत्रित रखते हुए अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग समाजहित के कार्यों में करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता से बड़ा कोई पुण्य नहीं है. मानवीय संवेदनाओं के साथ लोगों के दर्द को समझना और उसे दूर करने का प्रयास करना हम सभी का दायित्व है.

उपायुक्त ने बताया कि समाहरणालय में प्रति सप्ताह आयोजित होने वाले “लोकसंवाद” कार्यक्रम में दिव्यांगजनों द्वारा बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग लगातार रखी जा रही थी. मांग की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीएसआर के माध्यम से पहल करते हुए बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई, जिससे दिव्यांगजन अपनी दैनिक गतिविधियों को अधिक सुगमता के साथ संचालित कर सकेंगे.

ALSO READ: सरायकेला : मिर्जाडीह आंदोलन को मिला विस्थापित मुक्ति वाहिनी का समर्थन

लाभुकों ने जताया आभार, अधिकारियों की रही मौजूदगी

ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन एवं ओएनजीसी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की. उपायुक्त ने लाभुकों से संवाद कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा, सीएसआर नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, ओएनजीसी के एसेट मैनेजर राजीव सिन्हा, सीएसआर हेड डॉली कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *