पेयजल एवं स्वच्छता योजनाओं को मिलेगा मजबूती, रांची में विभाग करेगा सुदृढ़ीकरण

Ranchi: राजधानी में पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में झारखंड सरकार का पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सक्रिय हो...

Ranchi: राजधानी में पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में झारखंड सरकार का पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सक्रिय हो गया है.शहर के विभिन्न हिस्सों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विभाग ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम शुरू करने की तैयारी कर ली है. इसके तहत गोंदा प्रमंडल, रांची द्वारा अल्पकालीन निविदा जारी कर मरम्मत, नवीनीकरण और नई जलापूर्ति व्यवस्थाओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है.

सरकारी परिसरों से लेकर आवासीय इलाकों तक सुधार की योजना

विभाग की योजना के तहत एसएसपी आवास, सर्कुलर रोड स्थित नियोजन कार्यालय और बरियातू क्षेत्र में जलापूर्ति व स्वच्छता से जुड़े कार्य कराए जाएंगे. एसएसपी आवास में पुराने सम्प और पंप हाउस की मरम्मत के साथ जले हुए मोटर-पंप को बदला जाएगा तथा वाल्व चैंबर का निर्माण किया जाएगा. वहीं नियोजन कार्यालय में शौचालय-बाथरूम के जीर्णोद्धार, सीपेज की मरम्मत और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा.

बरियातू में आधुनिक जलापूर्ति प्रणाली का निर्माण

बरियातू स्थित अधिकारी फ्लैट परिसर में नई जलापूर्ति प्रणाली विकसित की जाएगी. इसके तहत सबमर्सिबल मोटर पंप की स्थापना, आयरन रिमूवल फिल्टर प्लांट लगाना और पाइपलाइन नेटवर्क को दुरुस्त करना शामिल है. इससे इलाके में साफ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

निविदा प्रक्रिया तेज, तय समय में होगा काम

विभाग ने इन योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय की है. निविदा प्रक्रिया 7 और 8 मई को पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद चयनित एजेंसियों को कार्य आवंटित कर दिया जाएगा. अधिकांश कार्यों को 15 दिन से एक महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

शहरी बुनियादी ढांचे को मिलेगा नया बल

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की इन पहलों को रांची के शहरी बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. विभाग का फोकस न केवल पुरानी व्यवस्थाओं की मरम्मत पर है, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए जलापूर्ति और स्वच्छता सेवाओं को टिकाऊ और प्रभावी बनाने पर भी है. इससे आने वाले समय में शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.

ALSO READ:  PGT शिक्षक नियुक्ति मामले में हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *