Ranchi: राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक ड्रग पैडलर नैतिक कुमार उर्फ मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर, छोटा हनुमान मंदिर गली का निवासी बताया गया है. उसके पास से 1.26 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार आरोपी बाहर से ब्राउन शुगर लाकर हरमू स्थित मदर टेरेसा ग्राउंड के आसपास स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में था.

गुप्त सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस
जानकारी के अनुसार 19 मई को एसएसपी को सूचना मिली थी कि हरमू स्थित मदर टेरेसा ग्राउंड इलाके में एक युवक धड़ल्ले से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है. इससे स्कूल और कॉलेज जाने वाले युवाओं पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
Also Read: बोकारो ट्रेज़री घोटाला में अकाउंटेंट कौशल पांडे ने कमीशन और सबकी मिलीभगत की कही बात
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
गठित टीम ने बिना देरी किए मदर टेरेसा ग्राउंड क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे संदिग्ध नैतिक कुमार उर्फ मोनू को जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 1.26 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद की गई.
ड्रग नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लेकर आया था और रांची में उसके तार किन बड़े ड्रग नेटवर्क या तस्करों से जुड़े हैं.
