Koderma: जिले के बिजली विभाग के एक कर्मी को हजारीबाग एसीबी की टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार कर्मी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है.

मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता डोमचांच के सपही निवासी राजू यादव ने बताया कि डोमचांच प्रखंड अंतर्गत नीरू पहाड़ी के समीप उनका एक ऐश ब्रिक प्लांट था. इसके लिए उन्होंने कुछ वर्ष पहले कमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था. राजू यादव के अनुसार, प्लांट घाटे में चले जाने के कारण उन्होंने वर्ष 2025 में इसे बंद कर दिया. इसके बाद उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवाने और कनेक्शन के समय जमा की गई सिक्योरिटी राशि वापस लेने के लिए झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय में आवेदन दिया.
शिकायतकर्ता ने क्या बताया ?
उन्होंने बताया कि सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए उन्हें कई बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा. इसी दौरान उनकी मुलाकात कार्यालय में कार्यरत लाइनमैन सुनील कुमार से हुई. शिकायतकर्ता के अनुसार, सुनील ने कनेक्शन रद्द करने और सिक्योरिटी राशि वापस कराने के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की.
राजू यादव रिश्वत नहीं देना चाहते थे. इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग से की. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम गुरुवार को झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय पहुंची और सुनील कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ हजारीबाग ले गई.
ALSO READ: पूर्व पीएम राजीव गांधी को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, ऊर्जा दिवस के रूप में मनाई गई पुण्यतिथि
