Lohardaga: आगामी 30 मई को आयोजित होने वाले छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन के वार्षिक महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. साहू भवन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने की. बैठक में यूनियन के विभिन्न माइंस, साइडिंग और हेड ऑफिस से जुड़े पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए.

बैठक में बनी कार्यक्रम की रणनीति
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी वार्षिक महाधिवेशन को सफल, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाना रहा. इस दौरान यूनियन की मजबूती, संगठन विस्तार, मजदूर हितों की रक्षा तथा कार्यक्रम की व्यापक तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई. यूनियन पदाधिकारियों ने अधिवेशन को लेकर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों और कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया.
मंत्री और विधायक होंगे शामिल
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि आगामी वार्षिक अधिवेशन यूनियन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा. उन्होंने बताया कि यह महाधिवेशन इंटक यूनियन के महासचिव धीरज प्रसाद साहू की अगुवाई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मजदूरों की एकता और संगठन की ताकत को प्रदर्शित करने का मंच बनेगा.
Also Read: क्लस्टर सिस्टम से छात्राओं को होगी परेशानी, राज्यपाल से मिलीं विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर
मजदूरों से भागीदारी की अपील
निशीथ जायसवाल ने यूनियन से जुड़े सभी मजदूरों से कार्यक्रम में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई को और मजबूत करने के लिए यूनियन निरंतर कार्य कर रही है. ऐसे में सभी मजदूरों की भागीदारी संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी.
सभी यूनिटों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि वार्षिक महाधिवेशन की तैयारी को लेकर सभी शाखाओं एवं यूनिटों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी. कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को तेज करने के साथ-साथ सदस्य संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मजदूर कार्यक्रम में शामिल हो सकें. यूनियन नेताओं ने कहा कि इस बार का अधिवेशन संगठन के इतिहास में एक नई पहचान स्थापित करेगा.
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में बगड़ू हिल बॉक्साइट माइंस, पाखर बीकेबी माइंस, पाखर बालाजी माइंस, गुरदरी बॉक्साइट माइंस, सैरेंगदाग बॉक्साइट माइंस, टोरी साइडिंग, हेसल डंपिंग यार्ड क्रशिंग, रिचुघुटा साइडिंग, कुजाम बॉक्साइट माइंस, अमतीपानी बॉक्साइट माइंस, मैराल साइडिंग, सामरी बॉक्साइट माइंस, चिरोडीह बॉक्साइट माइंस तथा लोहरदगा हेड ऑफिस के यूनियन पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही.
इस अवसर पर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी, अम्बर कुमार, एकरामुल अंसारी, सत्येंद्र तिवारी, नागेंद्र सिंह, प्रभात कुमार टोप्पो, चारण सिंह, बीफई उरांव, परशुराम थापा, बिशन साहू, रुकसाना खातून, एतवा उरांव, सुखनाथ उरांव, खलील खेरवार, लिन्यूस कुजूर, राजेंद्र सिंह, गणेश उरांव सहित बड़ी संख्या में यूनियन के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सभी ने एकजुट होकर आगामी महाधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया.
