भाजपा की संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क पर जोर, ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

Chaibasa: भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से जिला पार्टी कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित...

Chaibasa: भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से जिला पार्टी कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक से पूर्व पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत पार्टी कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया. इस दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया. बैठक में जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने संगठन की कार्यशैली, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा भाजपा की विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी वास्तविक शक्ति बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है. उन्होंने मंडल एवं बूथ कमेटियों के गठन, शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने तथा प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.

संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर हुई चर्चा

बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा तथा प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से नियमित मंडल बैठकों के माध्यम से जनसमस्याओं को चिन्हित कर जिला कमेटी तक पहुंचाने, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिले की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही कार्यकर्ताओं को आम जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने का निर्देश दिया गया.

ALSO READ: बंदगांव में आम बिक्री स्टॉल का शुभारंभ, दीदी किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शशि नंदी, मनीष राम, सतीश पुरी, जिला महामंत्री चंदन झा, भूषण पाट पिंगुवा, पवन शर्मा, धीरज सिंह, रूपा सिंह दास, रंजन प्रसाद, रविशंकर विश्वकर्मा, राजश्री बानरा, हेमंत केसरी, दुर्गावती बोयपाई, गुल्लू कुमार, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, हर्ष रवानी, अनंत सयनम सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *