Ranchi: राजधानी रांची की जीवनरेखा माने जाने वाले कांके डैम के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर रांची नगर निगम ने अभियान शुरू करने का फैसला किया है. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम और अंचल प्रशासन की टीम के साथ कांके डैम तट से लेकर कांके डैम पार्क तक का व्यापक निरीक्षण किया और डैम को प्रदूषण, अतिक्रमण तथा अवैध निर्माण से मुक्त कराने के लिए कई अहम निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कांके डैम के संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके लिए निगम की विभिन्न शाखाओं और अंचल कार्यालय को शामिल करते हुए एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश दिया गया है, जो डैम संरक्षण की कार्ययोजना तैयार कर उसे जमीन पर उतारेगी.


डैम में गिरने वाले नालों पर लगेगी रोक
नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया कि डैम में सीधे गिरने वाले सभी नालों की पहचान कर उनके प्रवाह को तत्काल रोका जाए. साथ ही घरों से निकलने वाले गंदे पानी को डैम तक पहुंचने से रोकने के लिए ड्रेनेज डायवर्ट करने और सोकपीट निर्माण को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जाए. उन्होंने कहा कि डैम में किसी भी प्रकार का प्रदूषित जल या अपशिष्ट बहाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
कैचमेंट एरिया की होगी मापी, अतिक्रमण पर कार्रवाई तय
भू-संपदा शाखा और अंचल प्रशासन को डैम के पूरे कैचमेंट एरिया की मापी कर उसकी घेराबंदी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही जलाशय क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण और अवैध कब्जों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है.
अवैध खटाल और निर्माण होंगे ध्वस्त
नगर आयुक्त ने इनफोर्समेंट टीम को निर्देश दिया कि डैम क्षेत्र में चल रहे अवैध खटाल, अवैध निर्माण और अवैध बाउंड्री वॉल को तत्काल हटाया जाए. उन्होंने दो टूक कहा कि जलाशय क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ड्रोन से होगी निगरानी
कांके डैम के पूरे कैचमेंट क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग कराई जाएगी. इसके जरिए प्लॉटवार अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की पहचान की जाएगी. चिन्हित लोगों को नोटिस जारी कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
जलकुंभी और गाद हटाने का चलेगा विशेष अभियान
डैम की जलधारण क्षमता बढ़ाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जलकुंभी और गाद हटाने का अभियान तेज किया जाएगा. इसके लिए पोकलेन मशीन और वीड हार्वेस्टिंग मशीन की मदद ली जाएगी. डैम के किनारों पर उगी झाड़ियों और घासों की नियमित कटाई भी कराई जाएगी.
कांके डैम के चारों ओर बनेगा वॉकवे
नगर निगम डैम के पूरे कैचमेंट क्षेत्र में एंड-टू-एंड वॉकवे निर्माण की योजना तैयार करेगा. इससे मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वालों को बेहतर सुविधा मिलेगी और कांके डैम एक आकर्षक पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा.
ALSO READ: स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, उपभोक्ताओं को थमा रहे हजारों से लाखों रुपये के बिजली बिल
15 मीटर दायरे में निर्माण पर पूरी तरह रोक
नगर आयुक्त ने कहा कि जलाशयों की अधिगृहित भूमि से 15 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांके डैम को स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त और शहरवासियों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा.
लोगों से की सहयोग की अपील
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे डैम और अन्य जलाशयों में कचरा या गंदा पानी न बहाएं तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा कि जनसहयोग के बिना जलाशयों को बचाना संभव नहीं है.
