Hazaribagh: झारखंड का हजारीबाग जिला इन दिनों भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विसंगतियों को लेकर सुर्खियों में है. जिला कोषागार में वेतन घोटाला और बरही बैंक डकैती जैसी घटनाओं के बाद अब जल संसाधन विभाग का एक अजीब मामला सामने आया है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तार किए गए कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो को जेल गए लगभग एक महीना बीतने को है, लेकिन विभाग ने अब तक उन्हें निलंबित नहीं किया है.
Also Read: रांची के कांके रोड में देर रात चल रहा था बार, पुलिस ने कराया बंद
रिश्वत लेते रंगे हाथ हुए थे गिरफ्तार
मामला 9 अप्रैल का है. जब एसीबी की टीम ने जलपथ प्रमंडल संख्या-2 के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो को 1.75 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था. बरही में एक विभागीय योजना के निर्माण कार्य के बदले रिश्वत की मांग की गई थी. इस कार्रवाई में उनके साथ एक सहायक अभियंता की भी गिरफ्तारी हुई थी. गिरफ्तारी के बाद से ही राहुल कुमार मालतो हजारीबाग के लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में बंद हैं.
जाने क्या कहता है नियम
नियमों के मुताबिक, किसी भी सरकारी सेवक के 48 घंटे से अधिक जेल में रहने पर उन्हें स्वतः निलंबित माना जाना चाहिए और विभागीय आदेश जारी होना चाहिए. लेकिन राहुल कुमार मालतो के मामले में 24 दिन बीत जाने के बाद भी 2 मई तक निलंबन का कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ है.
