Saurav Singh

Ranchi : झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों के लिए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने का सुनहरा मौका है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के द्वारा जारी किए रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPOs) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) में आईपीएस अधिकारियों के स्वीकृत पदों और उनमें मौजूदा रिक्तियों का एक विस्तृत डेटा सामने आया है. इस रिपोर्ट से पता चलता है कि देश की सबसे बड़ी सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों में महानिदेशक (डीजी ) से लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के कई महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं. जांच एजेंसी सीबीआई और खुफिया ब्यूरो आईबी में रिक्तियों की संख्या सबसे चिंताजनक है. खासकर जमीनी स्तर पर कमान संभालने वाले एसपी रैंक के अधिकारियों की.
जानें किस संगठन में क्या है स्थिति
- केंद्रीय जांच ब्यूरो ( सीबीआई) सीबीआई में आईपीएस अधिकारियों के लिए बड़े पैमाने पर पद स्वीकृत हैं, लेकिन खाली पदों की संख्या भी काफी ज्यादा है. यहां एसपी स्तर पर सबसे बड़ा संकट है. स्वीकृत 78 पदों में से 45 पद खाली पड़े हैं. इसके अलावा आईजी स्तर पर 18 स्वीकृत पद हैं. जिनमें से 3 खाली हैं.
- खुफिया ब्यूरो (आईबी) देश की आंतरिक सुरक्षा संभालने वाली खुफिया एजेंसी आईबी भी अधिकारियों की कमी से जूझ रही है. यहां डीआईजी स्तर पर स्वीकृत 63 पदों में से 35 पद खाली हैं. वहीं दूसरी ओर एसपी स्तर पर भी 83 स्वीकृत पदों में से 44 पद रिक्त हैं.
- बीएसएफ और सीआरपीएफः बीएसएफ में आईजी स्तर पर 22 स्वीकृत पदों में से छह खाली हैं, जबकि डीआईजी स्तर पर 26 में से दो पद खाली हैं. वहीं दूसरी तरफ सीआरपीएफ आईजी के 23 पदों में से चार पद खाली चल रहे हैं.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी और राष्ट्रीय पुलिस अकादमी
आतंकवाद विरोधी जांच एजेंसी एनआईए में आईजी के 09 में से 04 पद और एसपी के 39 में से 13 पद खाली हैं. वहीं एनपीए में आईपीएस अधिकारियों को ट्रेनिंग देने वाली संस्था में ही कमी देखी गई है. यहां आईजी के सभी दो पद खाली हैं और एसपी के 14 में से पांच पद रिक्त हैं.
रैंक-वार रिक्तियों की स्थिति पर एक नज़र
- बीपीआरएंडडी में डीजी का 01 पद खाली है. बाकी सभी 15 संगठनों में महानिदेशक के पद भरे हुए हैं.
- स्पेशल डीजी का विभिन्न बलों में स्वीकृत कुल 14 पदों में से वर्तमान में कोई भी पद खाली नहीं दिखाया गया है.
- आईटीबीपी में एडीजी का एक पद खाली है.
- आईजी स्तर पर लगभग हर बड़े संगठन में रिक्तियां हैं. सबसे अधिक रिक्तियां बीएसएफ (06), एनआईए (04) और सीआरपीएफ (04) में हैं.
- डीआईजी स्तर पर सबसे ज्यादा आईबी में (35 खाली पद) और सीआईएसएफ (07 खाली पद) में देखने को मिल रही है.
सीनियर आईपीएस पदों के लिए अब केंद्रीय अनुभव जरूरी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आईपीएस अधिकारियों के लिए वरिष्ठ केंद्रीय पदों पर नियुक्ति के नए नियम लागू किए हैं. इसके तहत आईजी जैसे पदों के लिए अब एसपी या डीआईजी स्तर पर कम से कम दो साल का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का अनुभव होना अनिवार्य होगा. अब तक एसपी और डीआईजी स्तर के आईपीएस अधिकारी बिना केंद्रीय सेवा अनुभव के सीधे सीनियर पोस्ट के लिए एलिजिबल हो सकते थे, लेकिन अब इसके लिए उन्हें पहले केंद्र में प्रतिनियुक्ति अनुभव पूरा करना होगा. यह नियम 2011 बैच के आईपीएस से लागू होगी.
वर्तमान में झारखंड कैडर के ये आईपीएस है केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर
नवीन कुमार सिंह, बलजीत सिंह, आशीष बत्रा, साकेत कुमार सिंह, कुलदीप द्विवेदी, अभिषेक, अनूप टी मैथयू, अनीश गुप्ता, एम तमिल वानन, पी मुरुगन, जया रॉय, शिवानी तिवारी, अखिलेश वॉरियर, अंशुमन कुमार, हरि लाल चौहान, प्रियंका मीणा, सुभाष चंद्र जाट, आर रामकुमार, विनीत कुमार, के विजय शंकर और शुभांशु जैन शामिल हैं.
ALSO READ : झामुमो का केंद्र पर तंज, कहा- अच्छे दिन में इंजन बीमार
