Ranchi: राजधानी रांची में रंगदारी और धमकी का बड़ा मामला सामने आया है. रातू थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को व्हाट्सएप कॉल कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. पैसे नहीं देने पर AK-47 और बम से जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.
क्या है मामला?
पीड़ित मुकेश कुमार श्रीवास्तव, निवासी विवेकानंद कॉलोनी, रातू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 26 अप्रैल 2026 को सुबह 11:42 बजे उनके मोबाइल पर अंतरराष्ट्रीय नंबर 351961904586 से व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को ‘राहुल सिंह’ बताते हुए 8 दिन के भीतर 2 करोड़ रुपये देने को कहा. इसके कुछ ही मिनट बाद 11:52 बजे व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजा गया, जिसमें लिखा था- “तुम्हारी हर गतिविधि पर हमारी नजर है. 5 दिन के अंदर 2 करोड़ तैयार रखो, वरना तुम्हारे लिए बम और AK-47 तैयार है. कॉल करके बात कर लेना—राहुल सिंह गैंग.”
रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है. पीड़ित ने बताया कि उनका तिलता चौक के पास ‘बाबू शिवांश रेजिडेंस’ नाम से होटल और पंडरा के फ्रेंड्स कॉलोनी में ‘रांची दरबार’ नाम से बैंक्वेट हॉल है, जहां उनका नियमित आना-जाना रहता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने ‘राहुल सिंह गैंग’ के नाम से रंगदारी मांगने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.
पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने, साइबर सेल की मदद से कॉल और मैसेज की तकनीकी जांच करने में जुटी है. साथ ही पीड़ित को सुरक्षा मुहैया कराने की भी तैयारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: ‘कला मंदिर’ में सजेगा हुनर का मंच: 22 विधाओं में निखरेगी झारखंड की प्रतिभा
