Ranchi : झारखंड सरकार की जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) योजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बुंडू में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को किया गया. तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकास कुमार मुंडा ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य परमेश्वरी शांडिल्य मुख्य रूप से उपस्थित रहीं.
छात्राओं को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक माहौल
कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कलेश्वर मुंडा, प्रखंड उपाध्यक्ष जमील अंसारी, नगर पंचायत बुंडू अध्यक्ष जितेंद्र उरांव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है. अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी. विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद छात्राओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि DMFT योजना के तहत हो रहा यह निर्माण कार्य विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा तथा छात्राओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा.
Also Read : पेसा नियमावली-2025 पर जिला स्तरीय राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस आयोजित, ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने पर जोर


