Palamu : प्रसिद्ध किताब घर संचालक समेत 4 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे में हो गई. जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है. भीषण दुर्घटना उस समय हुई जब सभी लोग बारात और धार्मिक स्थल के दर्शन कर वापस लौट रहे थे. इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है. जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. घायल व्यक्ति की हालत चिंताजनक बनी हुई है. इस घटना के बाद से पूरे पलामू में शोक की लहर दौड़ गई है.
बारात से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रहने वाले पांच लोग एक कार से बिहार के डेहरी में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे. बारात का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद, सभी लोग उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ (अम्बेडकर नगर) चले गए. किछौछा शरीफ से वापस मेदिनीनगर लौटने के दौरान, उनकी कार और सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और हाईवे से गुजर रहे अन्य राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. हालांकि, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों में किताब घर के संचालक भी शामिल
इस हादसे में मृत लोगों की पहचान कर ली गयी है. जिसमें मेदिनीनगर के हाफिज रज्जाक प्रसिद्ध किताब घर के संचालक है. इसके अलावा कैश अंसारी, शोहराब राईन और कार चालक शामिल है.
ALSO READ : केंद्र में DG पद के लिए झारखंड कैडर के संजय ए लाठकर समेत 33 आईपीएस अधिकारियों का इम्पैनलमेंट मंजूर
