Giridih: जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत चोरगता गांव में बीती रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. चोरों ने मदन चौधरी के घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य रात में छत पर सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और बक्से व अलमारी से जेवर, नकदी और जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए. सुबह घर का सामान बिखरा मिला तो घटना का पता चला.

जमीन के कागजात चोरी होने से साजिश की आशंका
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए जेवरों में घर की बहुओं और बेटियों की शादी के लिए सुरक्षित रखे गए आभूषण भी शामिल हैं. परिवार ने बताया कि जमीन से संबंधित कागजात चोरी होने से उन्हें किसी साजिश की आशंका है. मदन चौधरी के पुत्र ने वर्ष 2007 से चल रहे जमीन विवाद का हवाला देते हुए गांव के कुछ लोगों पर संदेह जताया है. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है.
नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से चोरी गए जेवर, नकदी और जमीन के कागजात बरामद करने तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
ALSO READ: NEET (UG)-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
