Ranchi: विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक युवक को अपना शिकार बना लिया. हजारीबाग निवासी समीर हुसैन से अमेरिका के नामी होटल ‘मेरियट’ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1,72,536 रुपए की ठगी कर ली गई. पीड़ित ने इस मामले में रांची साइबर अपराध थाना में केस दर्ज कराई है. समीर हुसैन, जो वर्तमान में रांची के कांके रोड स्थित एक होटल में वेटर के रूप में कार्यरत हैं, को ई-मेल के माध्यम से अमेरिका के मेरियट होटल में नौकरी का ऑफर मिला. ई-मेल में भेजे गए फॉर्म को भरकर वापस करने के बाद उन्हें चयनित होने की सूचना दी गई और भरोसा दिलाया गया कि कंपनी उनके अमेरिका जाने का पूरा खर्च उठाएगी.

इसके बाद ठगों ने वर्क परमिट के नाम पर 1200 डॉलर (करीब 1.12 लाख रुपए) जमा करने को कहा. विश्वास में आकर पीड़ित ने यूपीआई के जरिए यह राशि जमा कर दी. कुछ दिनों बाद फिर ई-मेल आया कि अमेरिका में रहने के लिए ‘टेनेंसी सर्टिफिकेट’ बनवाना होगा, जिसके लिए 650 डॉलर (करीब 65,423 रुपए) की मांग की गई. पीड़ित ने यह रकम भी भेज दी. ठगों का सिलसिला यहीं नहीं रुका. फिर ई-मेल के जरिए ‘बेसिक ट्रैवल अलाउंस’ के नाम पर 2500 डॉलर की मांग की गई. इस बार शक होने पर पीड़ित ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि इस तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाता. तब जाकर उन्हें अहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं.
ALSO READ: गिरिडीह में मीशू मंडल की गिरफ्तारी पर गरमाई राजनीति, जयराम महतो ने परिजनों से की मुलाकात
