Palmau: पुलिस लाइन के पास स्थित वर्षों पुराना गगन देव शिव मंदिर इन दिनों बदहाल स्थिति में है. मंदिर की दीवारों और भवन के कई हिस्सों में दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है. मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मंदिर की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है.
बारिश में जलजमाव से बढ़ रही परेशानी
श्रद्धालुओं ने बताया कि बारिश के मौसम में मंदिर परिसर में पानी भर जाता है. जलजमाव की वजह से पूजा करने आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. साथ ही मंदिर की नींव और भवन को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
आस्था का प्रमुख केंद्र है गगन देव शिव मंदिर
गौरतलब है कि गगन देव शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. खासकर शाम के समय नियमित रूप से भजन-कीर्तन का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल होते हैं.
सांसद, विधायक, मेयर और डिप्टी मेयर से लगाई गुहार
मंदिर की जर्जर हालत को लेकर भजन-कीर्तन में शामिल महिलाओं और श्रद्धालुओं ने चिंता जताते हुए पलामू सांसद, स्थानीय विधायक, मेयर और डिप्टी मेयर से मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग की है. उनका कहना है कि मंदिर की मरम्मत, जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था और सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द कराया जाना चाहिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक मंदिर नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है. श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि उनकी मांगों पर ध्यान देंगे और जल्द ही मंदिर के संरक्षण व विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.


