Giridih: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कर परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
25 केंद्रों पर तीन पालियों में होगी परीक्षा
बैठक में बताया गया कि 19 जुलाई 2026 को जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में किया जाएगा. इसमें करीब 11,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे. प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और तृतीय पाली: दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी.
कदाचार रोकने के लिए रहेगी कड़ी निगरानी
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित नोडल पदाधिकारी से तत्काल संपर्क कर समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ आयोजित होनी चाहिए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके.
सुरक्षा व्यवस्था को किया गया मजबूत
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, कदाचार रोकने और अभ्यर्थियों को बेहतर परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. सभी केंद्रों पर निगरानी और समन्वय व्यवस्था को मजबूत किया गया है.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक सहित परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों की जानकारी उपायुक्त को दी.
ALSO READ: रांची: मोराबादी के हटाए गए वेंडरों को मिलेगी नई जगह, टैगोर हिल के पास बनेगा वेंडिंग जोन
