Giridih : गांडेय प्रखंड के धोबिया मोड़ स्थित एक निजी आवास में समाजसेवी अर्जुन बैठा के नेतृत्व में अर्जुन सेना संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति, संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में गांडेय प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पंचायत स्तरीय समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर अर्जुन सेना का जोर
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अर्जुन सेना का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. इसके लिए संगठन को पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया गया. बैठक का मुख्य केंद्र आगामी पंचायत चुनाव रहा। संगठन के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि पंचायत चुनाव में अर्जुन सेना समर्थित योग्य एवं जनहितैषी उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा. उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान SIR से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि संगठन की आंतरिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ करने पर सहमति बनी. बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Also Read : पलामू: अवैध हथियार के साथ तीन गिरफ्तार, देशी रिवॉल्वर और बाइक बरामद


