गिरिडीह: पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, होटल में घुसी अनियंत्रित बस

Giridih: जिले के पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग स्थित परियाण में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित “विष्णु...

Giridih: जिले के पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग स्थित परियाण में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित “विष्णु रथ” बस अचानक सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति में थी. अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे स्थित ऋतु मंडल के होटल में जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होटल का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. होटल के अंदर रखा सामान भी बुरी तरह टूट-फूट गया. हादसे के समय होटल में लोग मौजूद थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई.

होटल संचालक की पत्नी गंभीर रूप से घायल

इस दुर्घटना में होटल संचालक ऋतु मंडल की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा है कि टक्कर के समय वह होटल के अंदर काम कर रही थीं. बस के अचानक घुस जाने से वह मलबे और सामान के बीच दब गईं. वहीं, एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया.

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने बस के अंदर फंसे लोगों और होटल में मौजूद घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बन गई.

Also Read: Newswave Expose: झारखंड के मजदूरों का आधार तो है पर पहचान नहीं, सिर्फ 20 हजार को ही मिली है पहचान

बस दुर्घटना के बाद इलाके में दहशत

घटना के बाद होटल पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. टूटे फर्नीचर, बिखरे सामान और क्षतिग्रस्त दीवारों को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर हादसे के वक्त होटल में ज्यादा भीड़ होती, तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को जानकारी दे दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुरुआती आशंका चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार को माना जा रहा है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *