Giridih: डुमरी के पारसनाथ इंटर महाविद्यालय, इसरी बाजार में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अब मामला राज्यपाल तक पहुंच गया है. भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर पूरे मामले की अभिलेखीय जांच कराने की मांग की है. उन्होंने जांच पूरी होने तक नियुक्ति की अंतिम प्रक्रिया पर रोक लगाने का भी आग्रह किया. सुरेन्द्र कुमार का कहना है कि कॉलेज में निकाली गई नियुक्तियों को लेकर स्वीकृत पदों, वास्तविक रिक्तियों और पहले से कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं. ऐसे में बिना रिकॉर्ड की जांच किए नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा. उन्होंने राज्यपाल के सामने 20 जून 2026 को हुई शासी निकाय की बैठक, उसकी कार्यवाही और नियुक्ति से जुड़े फैसलों की जांच कराने की मांग रखी. इसके साथ ही दो असिस्टेंट क्लर्क और दो लैब टेक्नीशियन पदों की स्वीकृति और वास्तविक रिक्तियों की स्थिति भी स्पष्ट करने का आग्रह किया.

संस्कृत पद की भी जांच की मांग
भाजपा नेता ने विज्ञापन में दिए गए संस्कृत पद की स्वीकृति और उस पद पर वास्तव में रिक्ति है या नहीं, इसकी भी रिकॉर्ड के आधार पर जांच कराने की मांग की है. उन्होंने पहले जारी किए गए नियुक्ति विज्ञापन, पुराने आवेदकों की स्थिति और वर्तमान विज्ञापन में उन्हें आवेदन शुल्क से छूट देने के कारणों की जांच का भी अनुरोध किया.
शासी निकाय के गठन पर भी सवाल
सुरेन्द्र कुमार ने कॉलेज में पहले से कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों की नियुक्ति, उनकी योग्यता और प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की बात कही. साथ ही शासी निकाय के गठन और दानदाता सदस्यों के चयन को लेकर उठे सवालों की भी स्वतंत्र जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि शिकायतों में लगाए गए आरोपों को किसी व्यक्ति के खिलाफ अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जाना चाहिए. मूल दस्तावेज और नियमों की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.
अंतिम चयन तक प्रक्रिया रोकने का आग्रह
सुरेन्द्र कुमार ने राज्यपाल से मांग की कि जांच और विभागीय स्पष्टीकरण पूरा होने तक अंतिम छंटनी, इंटरव्यू, चयन सूची जारी करने और नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया रोकने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिया जाए. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं है. मकसद सिर्फ यह सुनिश्चित करना है कि कॉलेज में नियुक्तियां स्वीकृत पदों और वास्तविक रिक्तियों के आधार पर पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार हों. कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो हैं, इसलिए उठाए गए सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है.
ALSO READ : गिरिडीह: पारसनाथ इंटर कॉलेज की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल, राज्यपाल से निष्पक्ष जांच की मांग

