Giridih: भारत निर्वाचन आयोग और झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत गिरिडीह जिले के शहरी क्षेत्रों में 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
185 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगेगा शिविर
उपायुक्त ने बताया कि गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाके में स्थित कुल 185 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे. शिविर का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे.
बीएलओ मौके पर रहकर करेंगे सहयोग
सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ (BLO) मौजूद रहेंगे. वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने व जमा करने में आवश्यक सहायता भी करेंगे.उपायुक्त ने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में गणना प्रपत्र उपलब्ध रखने को कहा गया है.
बाहर रहने वाले मतदाता भी भर सकेंगे फॉर्म
प्रशासन ने बताया कि जो मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, वे भी अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं. ऐसे मतदाताओं को भी अभियान से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
शिविरों की होगी लगातार निगरानी
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव ने जिले के सभी शहरी मतदाताओं से अपील की है कि वे 18 और 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही तरीके से भरकर समय पर जमा करें और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का इस अभियान में शामिल होना बेहद जरूरी है.
ALSO READ: कोडरमा: दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला–2026 में 93 अभ्यर्थियों का चयन, 34 को मिला ऑन-स्पॉट ऑफर लेटर
