Giridih: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांडेय थाना क्षेत्र से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले का खुलासा साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में किया. साइबर डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के पुनईडीह गांव के पास स्थित एक क्षतिग्रस्त नर्सरी भवन में कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
RTO अधिकारी और डॉक्टर बनकर करते थे ठगी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कैफ अंसारी (21) और मो. इरशाद अंसारी (19) के रूप में हुई है. दोनों गांडेय थाना क्षेत्र के बक्सीगरजा गांव के निवासी हैं. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को RTO अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे. चालान और डॉक्टर अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करते थे.
मोबाइल, सिम, आईपैड और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, एक आईपैड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं. जब्त सामान के आधार पर पुलिस साइबर नेटवर्क की भी जांच कर रही है.पुलिस ने इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 22/2026 दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.

ALSO READ:हजारीबाग: राहुल दुबे गैंग के शूटर रागिब अफजल के पैर में लगी गोली, साथी जितेंद्र सोनी भी गिरफ्तार
