Giridih: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), गिरिडीह की ओर से रविवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना था.
कानूनी अधिकारों और योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह सब जज सफदर अली नायर ने कहा कि डीएलएसए समाज के हर वर्ग को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और जरूरतमंद लोग किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
लोगों को न्याय तक आसान पहुंच की दी जानकारी
मजिस्ट्रेट सह मुंसिफ मुसरत जीयातारा ने उपस्थित लोगों को कानूनी अधिकारों और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी. वहीं चीफ एलएडीसी सय्यद नजमुल हसन और सहायक एलएडीसी रंजीव कुमार रंजीव ने लोगों की कानूनी समस्याओं को सुना और आवश्यक परामर्श दिया.
कई विभागों ने बांटी योजनाओं की परिसंपत्तियां
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लाभुकों के बीच योजनाओं का लाभ वितरित किया गया. कृषि विभाग ने 50 किसानों को मक्का के उन्नत बीज उपलब्ध कराए. वहीं मनरेगा के तहत 100 दिनों का कार्य पूरा करने वाले श्रमिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाभुकों को आवास स्वीकृति पत्र दिया गया. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सर्वजन पेंशन योजना के सात लाभुकों को ₹7-₹7 हजार के चेक तथा विधवा पेंशन योजना की 10 लाभुक महिलाओं को ₹10-₹10 हजार के चेक प्रदान किए गए. इसके अलावा शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 40 स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया.

शिविर में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सचिव डीएलएसए सफदर अली नायर, मजिस्ट्रेट सह मुंसिफ मुसरत जीयातारा, चीफ एलएडीसी सय्यद नजमुल हसन, सहायक एलएडीसी रंजीव कुमार रंजीव, पीएलवी, सांसद प्रतिनिधि और विधायक प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.इसके अलावा सदर प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, उप प्रमुख सौरभ कुमार, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद, विश्व सूत्री सदस्य दिलीप रजक, सांसद प्रतिनिधि सुरेश मंडल, प्रधान मुर्मू सहित प्रखंड और अंचल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
ग्रामीणों ने बताया उपयोगी पहल
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभुक पहुंचे. लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी कानूनी समस्याओं को लेकर विशेषज्ञों से सलाह भी ली. ग्रामीणों ने इस तरह के आयोजनों को आम लोगों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से शिविर आयोजित करने की मांग की. डीएलएसए की इस पहल से जहां लोगों में कानूनी जागरूकता बढ़ी, वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास भी सफल रहा.
ALSO READ: पश्चिम सिंहभूम: पानी टैंकर उपलब्ध कराने के लिए मुखिया संघ के अध्यक्ष कुश पूर्ति ने BDO को सौंपा मांग पत्र
