Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कटकमसांडी प्रखंड में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. SIR के तहत मतदाताओं की पुरानी मतदाता सूची से मैपिंग, दस्तावेजों का सत्यापन तथा मैपिंग में सामने आ रही त्रुटियों के निराकरण के लिए प्रखंड क्षेत्र में तीन केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर वैसे मतदाताओं के मामलों की भी जांच की जा रही है, जिनका मैपिंग के दौरान प्रूफ सही नहीं पाया गया अथवा ऑनलाइन प्रक्रिया में उनका विवरण स्वीकार होने के बजाय रिजेक्ट हुआ है.

SIR कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अंचल अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी पूजा कुमारी एवं कार्यपालक दंडाधिकारी सुनीता को संबंधित जिम्मेदारी दी गई है. इसके लिए अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय तथा कटकमसांडी पंचायत भवन में केंद्र बनाए गए हैं. कटकमसांडी पंचायत भवन में बनाए गए केंद्र की जिम्मेदारी कार्यपालक दंडाधिकारी सुनीता द्वारा संभाली जा रही है.
मतदाताओं के वर्तमान विवरण को पूर्व की मतदाता सूची से जोड़ा जा रहा
SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के वर्तमान विवरण को पूर्व की मतदाता सूची से जोड़ा जा रहा है. इस दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पा रही है, दस्तावेजों में त्रुटि मिल रही है या किसी कारण से प्रूफ स्वीकार नहीं हो रहा है, उनके मामलों का दोबारा सत्यापन किया जा रहा है. ऐसे मतदाताओं को संबंधित केंद्र पर पहुंचकर अपने मामले की स्थिति की जानकारी लेने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की सुविधा दी जा रही है. प्रशासनिक स्तर पर नो-मैपिंग, तार्किक विसंगति एवं दस्तावेज से संबंधित मामलों की जांच की जा रही है. ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस देकर दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है. अधिकारियों का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के विवरण का सही तरीके से सत्यापन कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है.
SIR के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित
गौरतलब है कि झारखंड में SIR के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. इसलिए जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है या जिनका प्रूफ किसी कारण से स्वीकार नहीं हुआ है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित SIR केंद्र पर संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज के साथ अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं.
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है, कि SIR प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. यदि मैपिंग या दस्तावेज सत्यापन में कोई समस्या आती है, तो संबंधित केंद्र पर जाकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करें और समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें.
यह भी पढ़ें: पाकुड़: खनन एवं खनिज संशोधन विधेयक पर कांग्रेस का केंद्र पर निशाना, 14 हजार करोड़ के राजस्व पर उठाए सवाल

