Koderma: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, हिट एंड रन मामलों, राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा कार्यबल, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन तथा शहरी क्षेत्रों को जाम एवं अतिक्रमण से मुक्त कराने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई. जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी गई. उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी रोकथाम संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

लंबित मामलों तथा अपूर्ण दस्तावेज प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अंचल एवं थाना स्तर पर लंबित मामलों तथा अपूर्ण दस्तावेज वाले प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना में प्रभावित पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके.उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, रंबल स्ट्रिप एवं अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं का बेहतर संधारण तथा आवश्यकतानुसार विस्तार करने का निर्देश दिया. दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकतानुसार ब्रेकर एवं रंबल स्ट्रिप लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया.
नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज के वाहन परिचालन तथा मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया. साथ ही, विभागीय लक्ष्य के अनुरूप वाहन जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सड़क किनारे अवैध पार्किंग एवं मार्ग अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. विशेष रूप से महाराणा प्रताप चौक से सुभाष चौक तक सर्विस रोड पर अतिक्रमण, सड़क पर खड़े वाहनों तथा नो-पार्किंग नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध बहुविभागीय टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया.
राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा कार्यबल की भी हुई बैठक
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा कार्यबल की बैठक भी की. उन्होंने एनएच के प्रतिनिधि को राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ : पाकुड़: खनन एवं खनिज संशोधन विधेयक पर कांग्रेस का केंद्र पर निशाना, 14 हजार करोड़ के राजस्व पर उठाए सवाल

