Palamu: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी श्री भूपेंद्र मरावी का शनिवार को डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के सदर प्रखंड अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव एवं पूर्व पलामू जिला कांग्रेस अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक के नेतृत्व में श्री मरावी के आगमन पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया. कार्यक्रम स्थल पर “राहुल गांधी जिंदाबाद”, “भूपेंद्र मरावी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पमाला एवं बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया.

महिलाओं और ग्रामीणों से किया संवाद
स्वागत के उपरांत श्री भूपेंद्र मरावी ने क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया. उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनकी सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों की जानकारी ली. महिलाओं ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा.
रोजगार और योजनाओं की ली जानकारी
श्री मरावी ने ग्रामीणों से पूर्व में संचालित मनरेगा योजनाओं की स्थिति एवं वर्तमान रोजगार संबंधी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने लोगों से योजनाओं के लाभ, रोजगार की उपलब्धता तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को लेकर चर्चा की. ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को उनके समक्ष रखा. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करती रही है और रोजगार, शिक्षा तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर निरंतर संघर्षरत है.
विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान श्री मरावी ने बच्चों एवं विद्यार्थियों से भी मुलाकात की. उन्होंने उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय की व्यवस्था तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी.
Also Read: 30 जुलाई तक सभी सरकारी स्कूलों में बनेगी नई SMC, अभिभावकों को मिलेगी जिम्मेदारी
बिट्टू पाठक ने कही यह बात
इस अवसर पर बिट्टू पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने में विश्वास रखती है. उन्होंने कहा कि श्री भूपेंद्र मरावी का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनता की समस्याओं को नजदीक से जानने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता समीम अहमद राईन, ईश्वरी सिंह, अजय साहू, जतरु उरांव, सुमन तिर्की, खुर्शीद आलम, उमेश यादव, छोटू चंद्रवंशी, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र पांडे, पीयूष गुप्ता, संजय शर्मा, उमेश कुमार, प्रियंका कुमारी, रेखा देवी, ममता देवी, अनिता देवी, सेवन्ती देवी, मनीषा देवी, सुनीता देवी, मनीता देवी, रिंकी कुजुर, रीना कुजूर, पुष्पा कुमारी, ललीता देवी, लक्ष्मी कुजूर, बालेश्वर भगत, अशोक उरांव, बिरेन्द्र उरांव, प्रभा देवी, अजीत कुजुर, करीमन मांझी, शशि कुमारी, मोनिका कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.


