Gumla: राज्य सरकार के निर्देश पर राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. आज जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गुमला द्वारा जागरूकता रथ निकाली गई. जागरूकता रथ को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, सुदूरवर्ती क्षेत्रों और पंचायतों में घूम-घूम कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताएगा. इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के द्वारा समाहरणालय परिसर में नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया. कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय के माध्यम से नशे से बर्बाद होते परिवारों और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले इसके घातक प्रभावों को बेहद सरल अंदाज में दर्शाया.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: DC ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता अभियान
डीसी की जिलेवासियों से अपील
उपायुक्त ने गुमला वासियों से अपील करते हुए कहा: “नशा न केवल एक व्यक्ति के शरीर को नष्ट करता है, बल्कि उसके सुनहरे भविष्य, परिवार और पूरे समाज को खोखला कर देता है. सरकार के इस 15 दिवसीय विशेष अभियान में आप सभी जिलेवासी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं. यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम गुमला को नशामुक्त और खुशहाल बनाएं.”
नशा से छुटकारे के लिए तुरंत संपर्क करें: टोल फ्री नंबर 112 (24×7)
परामर्श केंद्र: रिनपास (रांची), केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (CIP, रांची), एवं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स, देवघर).
मौके पर ये रहे मौजूद
मौके पर उप विकास आयुक्त गुमला अनिमेश रंजन, सिविल सर्जन गुमला शंभूनाथ चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी गुमला अखिलेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ललन कुमार रजक सहित जिला प्रशासन के अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.



