Ranchi: राज्य में गिरती कानून व्यवस्था और जेपीएससी परीक्षा परिणामों में कथित धांधली को लेकर भाजपा अब पूरी तरह से आक्रामक मुद्रा में है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई कोर कमेटी की अहम बैठक में इन मुद्दों पर न केवल मंथन हुआ, बल्कि राज्य सरकार के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई. बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस की मौजूदगी में हत्याएं हो रही हैं. राज्य में पुलिस कस्टडी में ज्यादती हो रही है, जो सरकार की विफलता का जीता-जागता प्रमाण है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पंचायत चुनाव की उल्टी गिनती शुरू, OBC आरक्षण का रास्ता साफ! बैलेट पेपर से होगा मतदान

जेपीएससी: युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप
भाजपा ने जेपीएससी परीक्षाओं में हो रही धांधली को युवाओं के भविष्य से जुड़ा सबसे ज्वलंत मुद्दा करार दिया है. पार्टी का मानना है कि राज्य सरकार की संरक्षणवादी नीतियों के कारण पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं, जिससे राज्य के योग्य अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है. बैठक में इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए भाजपा ने इसे जनहित का विषय माना और सरकार से तत्काल स्पष्टीकरण की मांग की है.
मानसून और किसानों की सुध का भी मुद्दा
राजनीतिक मुद्दों के इतर, बैठक में वर्तमान मानसून सत्र के दौरान किसानों की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. भाजपा सरकार से मांग करती है कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएं ताकि खेती पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े. पार्टी ने सरकार की अकर्मण्यता को ही प्रदेश की हर समस्या का मूल कारण बताया है. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी, भानु प्रताप शाही, गणेश मिश्रा और अमर कुमार बाउरी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: रांची: मारवाड़ी महाविद्यालय में ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान के तहत पौधों का वितरण


