गुमला: पालकोट प्रखंड मुख्यालय में 15 जून को दो वनोपज व्यापारियों से हथियार के बल पर हुई नगदी लूट के मामले में पालकोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़े अंतरजिला लूट गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है. अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और लूटी गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
ग्रामीणों की तत्परता से खुला गिरोह का राज
मामले का खुलासा करते हुए बसिया डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने पालकोट थाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, कि पालकोट साप्ताहिक बाजार के दिन तीन हथियारबंद बाइक सवार अपराधियों ने दो स्थानीय व्यापारियों से लूटपाट की थी. घटना के बाद भाग रहे अपराधियों को पाकर टोली गांव के समीप ग्रामीणों ने घेर लिया. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक अपराधी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दो अन्य अपराधी भागने में सफल रहे.
संयुक्त पुलिस अभियान में दबोचे गए 5 शातिर
पकड़े गए अपराधी से पूछताछ के बाद पुलिस को एक बड़े अंतरजिला गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पालकोट, बसिया और पुसो पुलिस ने एक संयुक्त विशेष अभियान चलाया. इस छापेमारी में पुलिस ने गिरोह के कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
- रमेश साहू (ग्राम- पुंटो साशन टोली, थाना- घाघरा),
- किशन महतो (ग्राम- कोनबीर, थाना- बसिया),
- नीमा बड़ाईक (ग्राम- कोनबीर, थाना- बसिया),
- सुमन सिंह (ग्राम- कोचेडेगा, थाना- बसिया),
- कमल सिंह (ग्राम- चराईडीह, थाना- बसिया)
अवैध हथियार और लूटी गई मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अपराध में इस्तेमाल और लूटी गई सामग्री बरामद की है, जिसमें 03 देसी पिस्तौल, 03 मैगजीन, 04 जिंदा कारतूस, 02 अपाचे मोटरसाइकिल (यह दोनों मोटरसाइकिलें अपराधियों द्वारा जरियागढ़ थाना क्षेत्र से लूटी गई थीं.)
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
डीएसपी शिवशंकर मरांडी ने बताया, कि इस गिरोह का नेटवर्क कई जिलों में फैला हुआ था. गिरफ्तार अपराधियों ने पालकोट, बसिया, कोलेबिरा (सिमडेगा) और पुसो थाना क्षेत्र में लूटपाट की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि गिरोह में कुछ अन्य अपराधी भी शामिल हैं, जिन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस सफल अभियान और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इंस्पेक्टर गुलशन भेंगरा, पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार, पुसो थाना प्रभारी जहांगीर खान, बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: स्कूल के पास बिक रहा था तम्बाकू व नशीला पदार्थ, पुलिस ने वसूला जुर्माना



