Gumla: जिले ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का परिचय देते हुए 11वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में पूरे झारखंड में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है. झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित इस परीक्षा में जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.6% रहा. कक्षा 11वीं में जहां छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.66% रहा, वहीं छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.54% रहा.
रणनीति और प्रयासों का परिणाम
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे जिला प्रशासन की सुदृढ़ रणनीति और निरंतर प्रयास रहे. ज्ञात हो कि उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के नेतृत्व में कोर टीम का गठन किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग एवं अन्य पदाधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां दी गईं.
पिछले वर्षों में शिक्षा कर भेंट गतिविधि के प्रयास सहित वर्तमान उपायुक्त द्वारा शिक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग, सिलेबस पूर्णता के साथ दोहराव, जिला कंट्रोल रूम की स्थापना, बोर्ड परीक्षा विजय अभियान के अंतर्गत विद्यालयों के साथ पदाधिकारी टैगिंग और सतत मार्गदर्शन जैसे कई नवाचार किए गए.
Also Read: हेमंत सोरेन का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष बैंकिंग सुविधा, इंडियन बैंक के साथ MoU
उपायुक्त ने दी प्रतिक्रिया
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने इस सफलता को गुमला के सभी छात्र छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि यह सफलता टीम वर्क, सतत मॉनिटरिंग और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है और उम्मीद जताई कि 12वीं बोर्ड में भी गुमला जिला इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराएगा.
सभी ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक सहित जिले के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी उत्कृष्ट परिणाम की सराहना की. इसे शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम बताया गया.
उज्ज्वल भविष्य की कामना
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
