Newswave Desk: 5 सेकेंड में 10 गोलियां मारकर जिम संचालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. यह मामला हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में गुरुवार की सुबह हुई है. एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फव्वारा चौक के पास बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश अपराधियों ने एक जिम संचालक की सरेआम अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. हमलावरों का दुस्साहस इस कदर था कि उन्होंने महज पांच सेकेंड के भीतर 10 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से फरार हो गए.
रोजाना की तरह करवा रहा था कसरत, तभी बरसीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है. 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल फव्वारा चौक के पास दुकानों के आगे बने रैंप पर रोज की तरह युवक-युवतियों को वार्म-अप और एक्सरसाइज करवा रहा था. सभी लोग कसरत करने में मशगूल थे, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर दो हमलावर वहां पहुंचे. खुद की पहचान छुपाने के लिए दोनों ने सिर पर हेलमेट लगा रखा था. बदमाशों ने बाइक रोकते ही बिना एक पल गंवाए कपिल पर बिल्कुल नजदीक से निशाना साधा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने महज पांच सेकेंड के भीतर कपिल की पीठ और सिर को निशाना बनाते हुए 10 गोलियां उसके शरीर में उतार दीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा और कपिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

ALSO READ: प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षो में किसानों के जीवन में आया बड़ा बदलाव : बाबूलाल मरांडी
