Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर नईटांड़ के पास जीटी रोड पर शनिवार अहले सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 ट्रकों से 308 मवेशियों को बरामद किया. मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने पशु मालिकों के साथ-साथ ट्रक चालकों और वाहन मालिकों को भी आरोपी बनाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

21 ट्रकों से 308 मवेशी बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद मवेशियों में 164 भैंस, 130 भैंस के बच्चे, सात गाय और सात बछड़े शामिल हैं. जांच के दौरान दो भैंस के बच्चों के मृत पाए जाने की भी जानकारी सामने आई है. सभी 21 वाहनों के आगे और पीछे ‘एनीमल कैरियर’ के बैनर लगे हुए थे.
वाहनों को रोककर की गई जांच
शनिवार सुबह करियातपुर नईटांड़ के पास पुलिस ने जीटी रोड पर इन सभी वाहनों को रोककर जांच की. बड़ी संख्या में मवेशियों को एक साथ ले जाते देख पुलिस ने ट्रकों की तलाशी ली. इसके बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी मवेशियों को वाहनों से नीचे उतारा गया.बरामद मवेशियों को अलग-अलग खटाल संचालकों की जिम्मेदारी में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस के मुताबिक, घघरी खटाल में राजदेव कुमार सिंह को 83 भैंस और पांच बच्चे, जबकि कुलदीप प्रसाद को 40 भैंस, 33 बच्चे, सात गाय और सात बछड़े सौंपे गए. वहीं, नईटांड़ के खटाल संचालकों की जिम्मेदारी में 41 भैंस और 32 बच्चे रखे गए हैं.
चोरदहा चेकपोस्ट से बरही तक कैसे पहुंचे 21 वाहन?
एक साथ 21 पशु वाहनों के झारखंड-बिहार सीमा स्थित चोरदहा चेकपोस्ट से निकलकर बरही तक पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों से लदे वाहन सीमा पार कर बरही तक कैसे पहुंचे, पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है.
ALSO READ: कोडरमा: जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर जयनगर थाना में शांति समिति की बैठक
चालक, ट्रक मालिक और पशु मालिकों पर केस
बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पशु मालिकों, ट्रक चालकों और ट्रक मालिकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस वाहनों के कागजात, मवेशियों से संबंधित दस्तावेज और पशुओं को ले जाने के तरीके की भी जांच कर रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

