Koderma: आगामी इस वर्ष 26 अगस्त को मनाए जाने वाले रबी-उल-अव्वल के अवसर पर निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर शनिवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विकास कुमार ने की, जबकि संचालन अयूब खान ने किया. बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया. इस दौरान सभी ने आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का निर्णय लिया. बैठक में जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने पर विशेष चर्चा की गई.

शांतिपूर्ण और अनुशासित जुलूस निकालने की अपील
थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है. उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से जुलूस निकालने की अपील की. उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए. किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. थाना प्रभारी ने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोगों से जुलूस के प्रस्तावित मार्ग की जानकारी ली, ताकि जुलूस के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
प्रशासन को सहयोग का भरोसा
बैठक में मुखिया किशोर साव, सद्दाम अंसारी, गणपत यादव, मुमताज खान, विनोद आनंद, संदीप कुमार, मुस्तकीम अंसारी, शाने अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे. सभी ने प्रशासन को सहयोग देने तथा जुलूस-ए-मोहम्मदी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया.
ALSO READ: बोकारो: जरीडीह में चोरी का खुलासा, पल्सर बाइक और कांसा के बर्तन बरामद तीन गिरफ्तार

