Hazaribagh: हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बरकट्ठा-तेतरोन मुख्य मार्ग पर केंदुआ स्थित भदानी पेट्रोल पंप के समीप हुई. मृतक की पहचान सहदेव रजक के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

जानकारी के अनुसार, सहदेव रजक अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक से बरकट्ठा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगे अलकतरा टैंकर से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सहदेव गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
10 लाख रुपये मुआवजे की मांग, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर बरकट्ठा-तेतरोन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. परिजन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे. परिजनों ने 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग रखी.
सड़क जाम की सूचना मिलने पर चलकुशा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. भाजपा विधायक अमित यादव समेत कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की. इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी के साइड ऑफिस में भी थोड़ी देर हंगामा किया.
टैंकर जब्त, हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल अलकतरा टैंकर को जब्त कर लिया है. पुलिस ने UD केस दर्ज करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं, शव को आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई.
खबर लिखे जाने तक मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मृतक के परिजनों के बीच बैठक जारी थी. घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है और परिजन उचित मुआवजा और न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
ALSO READ: बोकारो: भाकपा की पदयात्रा में दिखा DVC और CCL के खिलाफ आक्रोश, 1 सितंबर को ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान

