Hazaribagh: बारिश के मौसम में सांपों के आबादी वाले इलाकों में निकलने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बरही वन विभाग की टीम लगातार सर्प रेस्क्यू अभियान चला रही है. पश्चिमी डीएफओ मौन प्रकाश के निर्देश पर प्रभारी वनपाल अमर आनंद सरस्वती और प्रधान वनरक्षी संजीत कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों से अब तक सैकड़ों सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ा है.

कई प्रजातियों के सांपों का किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए सांपों में अजगर, गेहूंमन, करैत, रसल वाइपर और गोह समेत कई प्रजातियां शामिल हैं. वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ती है और उन्हें उनके अनुकूल प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई करती है.
बारिश में बढ़ जाती है सांप निकलने की घटनाएं
प्रभारी वनपाल अमर आनंद सरस्वती ने बताया कि बारिश के मौसम में पानी भरने के कारण सांप अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर घरों, खेतों, खलिहानों और अन्य आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं. ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने अथवा पकड़ने का प्रयास न करें. सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें. सांप मिलने की स्थिति में 7992479459 पर सूचना दी जा सकती है.
पारिस्थितिक तंत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं सांप
अमर आनंद सरस्वती ने कहा कि सांप पारिस्थितिक तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. वे चूहों सहित कई अन्य जीवों की संख्या को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. इसलिए सांपों को अनावश्यक रूप से मारने के बजाय उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जाना जरूरी .
वन विभाग ने की सांप नहीं मारने की अपील
प्रधान वनरक्षी संजीत कुमार ने कहा कि किसी भी सांप को देखकर लोग खुद उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें. कई जहरीले सांपों की पहचान आम लोगों के लिए मुश्किल होती है. ऐसे में प्रशिक्षित वनकर्मियों की मदद लेना ही सुरक्षित तरीका है. उन्होंने लोगों से अपील की, कि सांप दिखने पर वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित कर्मी मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू कर सकें.
वनकर्मियों की टीम अभियान में जुटी
सर्प रेस्क्यू अभियान में वनकर्मी बासुदेव मालाकार, अर्जुन यादव, राकेश कुमार सिंह और आशुतोष कुमार सहित अन्य कर्मी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं. वन विभाग की टीम का कहना है कि बारिश के दौरान सर्प रेस्क्यू से जुड़ी सूचनाओं पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए काम की 5 सरकारी योजनाएं, लोन से लेकर सब्सिडी तक मिलती है मदद

