Hazaribagh: देश के लाखों छात्र-छात्राओं और चिकित्सा अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े नीट प्रवेश परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर अब हजारीबाग जिला मुख्यालय में भी विरोध की चिंगारी सुलग उठी है. पूर्व घोषित राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को मूलनिवासी संघ, हजारीबाग के बैनर तले पदाधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल समाहरणालय भवन पहुंचा. इस दौरान संघ ने नीट परीक्षा में हुई कथित बड़ी गड़बड़ी और धांधली के विरोध में हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की और उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की मांग की.
यह भी पढ़ें: भगवान बिरसा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए फिर चाहिए उलगुलान : आजसू

परीक्षा प्रणाली पर खड़े किए गंभीर सवाल
इस महत्वपूर्ण आंदोलन और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम का नेतृत्व मूलनिवासी संघ के जिला अध्यक्ष बलदेव दास एवं जिला महासचिव विष्णु मूर्मू ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर मूलनिवासी संघ और पीपीआईडी के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि देश की इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे उन प्रतिभावान और गरीब बच्चों का मनोबल पूरी तरह टूट गया है जो दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं. संघ के नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि देश की परीक्षा प्रणाली पर आम जनता का भरोसा कायम रह सके.
एकजुट होकर बुलंद की आवाज
युवाओं के हक की इस लड़ाई में मूलनिवासी संघ के राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के कई दिग्गज चेहरे मुख्य रूप से शामिल हुए. इनमें मूलनिवासी संघ के राष्ट्रीय मीडिया सचिव अधिवक्ता निशांत कुमार सिन्हा, प्रदेश महासचिव अधिवक्ता रजनी वर्मा, पीपीआईडी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीपक दास और यूथ फ्रंट के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संतोष मेहता ने अपनी प्रखर उपस्थिति दर्ज कराई. इनके साथ ही जिला उपाध्यक्ष बसंत नारायण मेहता, मक्कम प्रदेश पदाधिकारी बी एन दास, मूलनिवासी संघ के जिला संगठन सचिव श्रीराम कुशवाहा, अधिवक्ता ओशीता कीर्ति रंजन, जिला कार्यालय सचिव अधिवक्ता अलका कुमारी और जिला कार्यकारिणी सदस्य हीरालाल साव सहित भारी संख्या में मूलनिवासी संघ के सदस्य मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक छात्रों को इंसाफ नहीं मिलता, लोकतांत्रिक तरीके से यह आंदोलन जारी रहेगा.
