Hazaribagh: जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट मद से संचालित विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के तहत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने लंबित योजनाओं में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
15 अगस्त तक हर हाल में पूरे हों अधूरे कार्य
उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की सभी अपूर्ण योजनाओं को हर हाल में 15 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश संबंधित कार्यकारिणी एजेंसियों को दिया. साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की स्वीकृत योजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया.

सुस्त एजेंसियों से वापस लिया जाएगा काम
बैठक में उपायुक्त ने दो टूक कहा कि जिन कार्यकारिणी एजेंसियों के कार्यों में अपेक्षित प्रगति और गंभीरता नहीं मिलेगी, उनके जिम्मे सौंपे गए कार्य तत्काल निरस्त कर अन्य सक्षम एजेंसियों को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद की राशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है.

लंबित योजनाओं की होगी नियमित मॉनिटरिंग
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में डीएमएफटी मद की सभी अपूर्ण एवं लंबित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए. संबंधित विभाग लगातार फॉलो-अप करते हुए समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा कराया जा सके.
लापरवाह संवेदकों पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो संवेदक कार्य निष्पादन में लापरवाही या ढुलमुल रवैया अपनाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
ALSO READ : हजारीबाग: चौपारण सामुदायिक अस्पताल की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में

