Hazaribagh: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1.550 किलोग्राम अफीम, सात लाख रुपये नकद, एक बोलेरो और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
गुप्त सूचना पर बनी छापेमारी टीम
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बरही से कुछ अफीम तस्कर चौपारण क्षेत्र में अफीम की खरीद-बिक्री करने आने वाले हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.

वाहन जांच में पकड़े गए संदिग्ध
पुलिस टीम ने चतरा मोड़ के आगे लोहारबरवा के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान बरही की ओर से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया. चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया.

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान पुना राम और रामलाल के रूप में हुई. तलाशी के दौरान बोलेरो की बीच वाली सीट से प्लास्टिक में लपेटकर रखे गए सात लाख रुपये नकद बरामद किए गए.
Also Read: हजारीबाग में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई NEET परीक्षा, परीक्षा केंद्रों पर अभूतपूर्व चौकसी
निशानदेही पर अफीम बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अफीम खरीदने के लिए चौपारण थाना क्षेत्र के अहरी गांव जा रहे थे. इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अहरी गांव में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान राहुल कुमार खेवार के घर से अलग-अलग प्लास्टिक पैकेटों में रखी 1.550 किलोग्राम अफीम बरामद की गई. पुलिस ने राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
एक आरोपी फरार, बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपी अरविंद कुमार पुलिस को देखकर फरार होने में सफल रहा. हालांकि उसकी अपाची मोटरसाइकिल पुलिस ने जब्त कर ली है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 157/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

