Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में एसपी ने आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के साथ-साथ लंबित मामलों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए. पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. साथ ही लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी सभी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखी जाए.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: पेसा नियमावली पर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस आयोजित, ग्राम सभाओं के अधिकारों पर हुई चर्चा

लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश
महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादित करने को कहा गया. एसपी ने सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की प्रगति की निगरानी करने को कहा गया.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: कांग्रेस के बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम में इरफान अंसारी बोले- नेहरू जी की तुलना मोदी से नहीं हो सकती
अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर लगाएं रोक : SP
अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऐसे स्थलों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने तथा इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने को कहा गया. बैठक में अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सघन कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया. साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. वहीं एसपी ने थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याएं सुनने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. भूमि विवाद से संबंधित लंबित मामलों की थाना दिवस के दौरान समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश भी बैठक में दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा.
